2023 में भारत की उपलब्धियां
साल 2023 गुजरने वाला है और कुछ दिनों बाद नया साल दस्तक दे देगा. जानिए, साल 2023 भारत के लिए क्या खास लेकर आया.
जी-20
जी-20 की अध्यक्षता कर भारत ने ग्लोबल साउथ की आवाज दुनिया तक पहुंचाई. दिल्ली में आयोजित जी-20 शिखर सम्मेलन में दुनियाभर के दिग्गज नेता शामिल हुए. भारत की पहल पर अफ्रीकी संघ जी-20 का सदस्य बना. भारत के 28 राज्यों और आठ केंद्र शासित प्रदेशों के 60 शहरों में 220 से अधिक बैठकों का आयोजन हुआ.
वॉयस ऑफ ग्लोबल साउथ
जनवरी 2023 में पहली बार भारत में वॉयस ऑफ ग्लोबल साउथ समिट का आयोजन हुआ. 125 देश एकसाथ इस मंच पर जुटे.
मोटे अनाज को मिली वैश्विक पहचान
भारत के प्रस्ताव के बाद संयुक्त राष्ट्र ने साल 2023 को इंटरनेशनल ईयर ऑफ मिलेट्स घोषित किया. मोटे अनाज मुख्य रूप से एशिया और अफ्रीका में उगाए जाते हैं और भारत इनका सबसे बड़ा उत्पादक है.
देश को मिली नई संसद
28 मई को देश के नाम संसद की नई इमारत समर्पित हुई. नए संसद भवन के निर्माण के लिए देश भर से निर्माण सामग्रियां लाईं गईं.
भारत मंडपम
26 जुलाई 2023 को दिल्ली के प्रगति मैदान में बने भारत मंडपम का उद्घाटन हुआ. भारत मंडपम देश का सबसे बड़ा कन्वेंशन सेंटर है. इसे खासकर जी-20 शिखर सम्मेलन के लिए तैयार किया गया था.
रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम
इसी साल 20 अक्टूबर को देश के पहले रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) का शुभारंभ हुआ. प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश के साहिबाबाद रैपिडएक्स स्टेशन पर दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम कॉरिडोर के 17 किलोमीटर लंबे प्राइमरी सेक्शन का उद्घाटन किया था. आरआरटीएस पर चलने वाली रैपिड रेल का नाम नमो भारत रखा गया है.
चंद्रयान-3
अगस्त 23, 2023 को भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने चंद्रयान-3 को चांद के दक्षिणी ध्रुव पर सफल लैंडिंग कराकर इतिहास रच दिया. इसी के साथ भारत चांद के दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचने वाला दुनिया का पहला देश बन गया.
सौर मिशन आदित्य एल-1
2 सितंबर को देश के पहले सौर मिशन आदित्य एल-1 का सफल प्रक्षेपण किया गया. आदित्य एल-1 सूर्य का निरीक्षण करेगा. इस मिशन का लक्ष्य सूर्य के बाहरी हिस्से को समझना है.
नारी शक्ति वंदन
लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं को एक तिहाई आरक्षण देने वाला विधेयक इस साल लोकसभा और राज्यसभा से पारित हुआ. आरक्षण कानून बनने के 15 वर्षों तक लागू रहेगा और संसद इसे आगे बढ़ा सकती है. हालांकि परिसीमन के बाद ही महिला आरक्षण लागू हो पाएगा.
सेंसेक्स 71 हजार के पार
इस साल भारत का शेयर बाजार पहली बार चार ट्रिलियन डॉलर के बाजार मूल्य को पार कर गया, जो दुनिया के पांचवें सबसे बड़े इक्विटी बाजार के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है. सेंसेक्स ने नया रिकॉर्ड बनाते हुए पहली बार 71 हजार का आंकड़ा पार किया.
एशियाई खेलों में भारत का डंका
भारत ने चीन के हांगझू में आयोजित एशियन गेम्स में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए कुल 107 पदक (28 स्वर्ण, 38 रजत, 41 कांस्य पदक) जीते.
भारत की झोली में दो ऑस्कर
ऑस्कर अवॉर्ड्स 2023 में भारत की ओर से तीन फिल्में नॉमिनेटेड थीं. आरआरआर फिल्म का गीत नाटू-नाटू ने बेस्ट ओरिजिनल सॉन्ग का अवॉर्ड जीता और "द एलिफैंट व्हिस्परर्स" को बेस्ट डॉक्यूमेंट्री शार्ट फिल्म के पुरस्कार से नवाजा गया. ऑस्कर पुरस्कारों के 94 साल के इतिहास में भारत को चौथी बार ऑस्कर हासिल हुआ.